![]() |
| तूफान से जड़ समेत उखड़ा आम का पेड़, प्रतीक्षा कर रहे पांच व्यक्तियों के ऊपर गिरा। एक की मौत एक घायल। |
मंगलवार सांय को पर्वतीय क्षेत्र में एकाएक बदले मौसम के मिजाज के बाद आंधी-तूफान व बारिश से तेज गर्मी से लोगों को राहत मिली लेकिन आंधी में एक हादसा भी हो गया। कर्णप्रयाग-बद्रीनाथ राजमार्ग पर लंगासू में प्राथमिक विद्यालय के पास एक पुराना आम का पेड़ जड़ से उखड़ जाने से समीप प्रतीक्षालय में बैठे एक बुजुर्ग की दबकर मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। मंगलवार सांय साढ़े चार बजे क्षेत्र में एकाएक बदले मौसम के मिजाज के बाद बद्रीनाथ राजमार्ग के लंगासू में तेज आंधी चलने लगी। इसी दौरान आम का पेड़ जड़ समेत उखड़ गया और इसकी चपेट में पांच लोग आ गए। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार, लंगासू में प्रतीक्षालय के नीचे चार से पांच लोग बैठे थे कि हवा से आम का पेड़ प्रतिक्षालय पर गिर गया, जिससे गिरीश चंद्र डिमरी पुत्र जयंती प्रसाद डिमरी उम्र 58 साल निवासी उत्तरों, लंगासू की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवक अनिल पुत्र दशमू लाल 32 साल निवासी लंगासू घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए पुलिस-प्रशासन की टीम उपजिला चिकित्सालय आकस्मिक सेवा वाहन से लाई। जबकि मृतक के शव का पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौपा जाएगा।
प्रकाशन तिथि: अप्रैल 19,2022








